अध्याय 8आर्यों का आगमन और ऋग्वैदिक युग

मूल निवास-स्थान और पहचान यह कहना कठिन है कि सारे आर्य लोग एक ही नस्ल के थे, पर उनकी आरंभिक संस्कृति करीब-करीब एक प्रकार की थी। वे हिन्द-यूरोपीय परिवार की भाषाएँ बोलते थे, जो अपने परिवर्तित रूपों में आज भी समूचे यूरोप और ईरान में तथा भारतीय उपमहादेश के अधिकतर भागों में बोली जाती है। आर्यों का मूल निवास आल्प्स पर्वत के पूर्वी क्षेत्र में, जो यूरेशिया कहलाता है, कहीं पर बतलाया जाता है। आज कुत्ता, घोड़ा, आदि कुछ पशुओं के नाम और भूर्ज, देवदारू, मैपल आदि कुछ वृक्षों के नाम सभी हिन्द-यूरोपीय भाषाओं में समान पाए जाते हैं। ये समान शब्द यूरेशिया के पौधों और पशुओं के वाचक हैं। इनसे यह भी प्रकट होता है कि आर्यजन नदियों और वनों से परिचित थे। यह विचित्र बात है कि पर्वतवाचक समान शब्द कुछ ही आर्य भाषाओं में हैं, हालाँकि आर्यों ने अनेकों पर्वतों को पार किया है। उनका धंधा मुख्यतः पशुचारण था, कृषि का स्थान गौण था। आर्यों के समाज में पुरुष की प्रधानता थी। आर्यों के जीवन में घोड़े का सबसे अधिक महत्त्व था। पालतू घोड़े पहली बार ईसा-पूर्व छठी सहस्राब्दि में काला सागर और यूराल पर्वत के क्षेत्र में इस्तेमाल किए गए। 3000 ईसा-पूर्व में यूराल क्षेत्र में घोड़े की लगभग 60,000 हड्डियाँ मिली हैं। घोड़े की तेज रफ्तार के कारण आर्यों और उनके सहयोगी जनों को लगभग 2000 ई.पू. के बाद पश्चिमी एशिया में चढ़ाई करने में सफलता मिली।

भारत आगमन के क्रम में आर्य लोग मध्य एशिया और ईरान पहुँचे। भारत में आर्यों की जानकारी ऋग्वेद से मिलती है, जो हिन्द-यूरोपीय भाषाओं का सबसे पुराना ग्रंथ है। इस वेद में "आर्य" शब्द का उल्लेख 36 बार है, पर सामान्यतः इससे सांस्कृतिक समुदाय का बोध होता है। ऋग्वेद में अग्नि, इंद्र, मित्र, वरुण आदि देवताओं की स्तुतियां संगृहीत हैं जिनकी रचना विभिन्न गोत्रों के ऋषियों और मन्त्रस्रष्टाओं ने की है। इसमें दस मंडल या भाग हैं, जिनमें मंडल 2 से 7 तक प्राचीनतम अंश हैं। प्रथम और दशम मंडल सबसे बाद में जोड़े गए मालूम होते हैं। ऋग्वेद की अनेक बातें अवेस्ता से मिलती हैं। अवेस्ता ईरानी भाषा का प्राचीनतम ग्रंथ है। दोनों ग्रंथों में बहुत से देवताओं और सामाजिक वर्गों के भी नाम समान हैं।

पर हिन्द-यूरोपीय भाषा का सबसे पुराना नमूना इराक में पाए गए लगभग 2200 ई. पू. के एक अभिलेख में मिला है। बाद में इस तरह के नमूने अनातोलिया (तुर्की) में उन्नीसवीं से सत्रहवीं सदी ई.पू. के हिट्टाइट अभिलेखों में मिलते हैं। इराक में मिले लगभग 1600 ई.पू. के कस्साइट अभिलेखों में तथा सीरिया में मितन्नी अभिलेखों में आर्य नामों का उल्लेख मिलता है। उनसे पश्चिम एशिया में आर्य भाषाभाषियों की उपस्थिति का पता चलता है। लेकिन भारत में अभी तक इस तरह का कोई अभिलेख नहीं मिला है।

भारत में आर्य भाषाभाषियों का आगमन 1500 ई.पू. से कुछ पहले हुआ। उनके आगमन का यथेष्ट पुरातात्विक प्रमाण नहीं मिलता है। शायद वे छेदवाली कुल्हाड़ियों, कांसे की कटारों और खड्गों का प्रयोग करते थे। ये हथियार पश्चिमोत्तर भारत में मिले हैं। मध्य एशिया में दक्षिण तजाकिस्तान और बगल में पाकिस्तान की स्वात (सुवास्तु) घाटी में घोड़े होने और शवदाह प्रथा के प्रचलन के पुरातात्विक साक्ष्य मिले हैं। इस प्रकार के साक्ष्य पाकिस्तान के पिराक क्षेत्र और उसकी गोमल (गोमती) घाटी में भी 1500 ई.पू. के लगभग मिलते हैं। याद रहे कि सुवास्तु और गोमती नदियों के उल्लेख ऋग्वेद में हैं। आरंभिक आर्यों का निवास पूर्वी अफगानिस्तान, पाकिस्तान और भारत के पंजाब तथा हरियाणा में था। ऋग्वेद में अफगानिस्तान की कुभा आदि कुछ नदियों का तथा सिंधु और उसकी पांच सहायक नदियों का नामोल्लेख है। सिंधु आर्यों की सबसे प्रमुख नदी है जिसका उन्होंने बार-बार उल्लेख किया है। उनके द्वारा उल्लिखित दूसरी नदी है सरस्वती, जिसे नदीतमा अर्थात् सर्वश्रेष्ठ नदी कहा गया है। इसकी पहचान हरियाणा और राजस्थान में घग्गर तथा हाकरा के सूखे स्रोतों से की जाती है। परन्तु ऋग्वेद में की गई सरस्वती की चर्चा से यह लगता है कि वह अवेस्ता में उल्लिखित दक्षिण अफगानिस्तान में हरख्वती (आधुनिक हेलमंद), नदी है। संभवतः, आर्य लोग तांबा राजस्थान की खेतड़ी खानों से प्राप्त करते थे। आर्य लोग जहाँ प्रथमतः बसे वह सारा प्रदेश सप्तसिंधु (सात नदियों का देश) नाम से प्रसिद्ध हुआ पर इसमें अफगानिस्तान का भाग भी पड़ता था।

भारत में आर्य लोग कई खेपों में आए। सबसे पहले की खेप में जो आए वे ही ऋग्वैदिक आर्य, जो इस उपमहादेश में 1500 ई.पू. के आसपास दिखाई देते हैं। उनका दास, दस्यु आदि नाम के स्थानीय जनों से संघर्ष हुआ। चूँकि दास जनों का उल्लेख प्राचीन ईरानी साहित्य में भी मिलता है, इसलिए प्रतीत होता है कि वे पूर्ववर्ती आर्यों की ही एक शाखा में पड़ते थे। ऋग्वेद में कहा गया है कि भरत वंश के राजा दिवोदास ने शंबर को हराया। यहाँ दास शब्द दिवोदास के नाम में लगता है। ऋग्वेद में जो दस्यु कहे गए हैं वे संभवतः इस देश के मूलवासी थे और आर्यों के जिस राजा ने उन्हें पराजित किया वह त्रसदस्यु कहलाया। वह राजा दासों के प्रति तो कोमल था, पर दस्युओं का परम शत्रु था। ऋग्वेद में दस्युहत्या शब्द का बार-बार उल्लेख मिलता है, पर दासहत्या का नहीं। दस्यु लोग शायद लिंगपूजक थे और दूध के लिए पशुपालन नहीं करते थे।

जनजातीय संघर्ष हम यह तो नहीं जानते कि आर्यों के शत्रुओं के हथियार कैसे थे, पर यह ज्ञात होता है कि इंद्र ने आर्यों के शत्रुओं को बार-बार पराजित किया। ऋग्वेद में इंद्र को पुरंदर कहा गया है जिसका अर्थ है दुर्गों को तोड़ने वाला। लेकिन आर्य-पूर्व जनों के इन दुर्गों का हमें कोई पता नहीं है। हो सकता है, इनमें कुछ दुर्ग अफगानिस्तान में रहे हों। आर्य लोग हर जगह जीतते गए क्योंकि उनके पास अश्वाचालित रथ थे और उन्होंने पश्चिम एशिया और भारत में पहले-पहल इन रथों को प्रचलित किया। आर्य-सैनिकों के पास शायद कवच (वर्मन्) और अन्य अच्छे अस्त्र भी थे।

वैदिक आर्यों को दो तरह के संघर्षों का सामना करना पड़ा : एक ओर उनकी आर्य-पूर्व जनों से लड़ाई हुई तो दूसरी ओर अपने ही लोगों के बीच। आंतरिक जनजातीय संघर्षों से आर्य-समुदाय दीर्घ काल तक जर्जर रहे। परंपरानुसार तो आर्यों के पाँच कबीले, अर्थात् जन थे, जिनका समुदाय पंचजन कहलाता था, लेकिन और भी जन रहे होंगे। ये जन आपस में लड़ते थे और कभी-कभी इसके लिए आर्येतर जनों का भी सहारा लेते थे। भरत और त्रित्सु आर्यों के शासक वंश थे और पुरोहित वसिष्ठ दोनों वंशों के समर्थक थे। बाद में चलकर इस देश का नाम इसी भरत कुल के आधार पर भारतवर्ष पड़ा। इस कुल या कबीले का उल्लेख सबसे पहले ऋग्वेद में मिलता है। भरत राजवंश का दस राजाओं के साथ विरोध था जिनमें पाँच आर्य-जनों के प्रधान थे और शेष आर्येतर जनों के। भरत और दस राजाओं के बीच जो लड़ाई हुई वह दाशराज्ञ युद्ध (दस राजाओं के बीच लड़ाई) के रूप में विदित है। यह युद्ध परुष्णी नदी के तट पर हुआ, जिसकी पहचान आज की रावी नदी से की जाती है। इसमें सुदास् की जीत हुई और इस प्रकार भरतों की प्रभुता कायम हुई। पराजित जनों में पुरुजन सबसे महान थे। कालांतर में भरतों और पुरुओं के बीच मैत्री हो गई और दोनों ने मिलकर नया शासक कुल बनाया जो कुरु के नाम से प्रसिद्ध हुआ। फिर कुरु जनों ने पांचालों के साथ मिल कर उच्च गंगा मैदान में अपना संयुक्त राज्य स्थापित किया। वहाँ कुरु-पांचालों ने उत्तर वैदिक काल में बड़ा महत्त्व प्राप्त किया।

भौतिक जीवन ऋग्वैदिक आर्यों के भौतिक जीवन के बारे में कुछ आभास मिलता है। भारत में उनकी सफलता के कारण थे घोड़े, रथ और संभवतः कांसे के कुछ बेहतर हथियार भी, जिनके बारे में हमें पुरातात्विक प्रमाण नाममात्र के मिले हैं। संभवतः उन्होंने आरावाला पहिया भी चलाया जो सबसे पहले कॉकेसस क्षेत्र में 2300 ई.पू. में प्रयोग में लाया गया। जब वे इस उपमहादेश के पश्चिमी भाग में बसे तब उन्हें राजस्थान की खेतड़ी खानों से तांबा मिलता रहा होगा। ऋग्वैदिक लोगों को खेती की बेहतर जानकारी थी। ऋग्वेद के प्राचीनतम भाग में फाल का उल्लेख मिलता है, हालाँकि कुछ विद्वान इसे प्रक्षिप्त पाठ मानते हैं। शायद यह फाल लकड़ी की रही होगी। उन्हें बोआई, कटाई और दावनी का ज्ञान था। विभिन्न ऋतुओं के बारे में भी उन्हें जानकारी थी। वहीं वैदिक जन बसे थे उन प्रदेशों के आर्य-पूर्व जनों को भी खेती का अच्छा ज्ञान था। पर खेती का उपयोग शायद चारा पैदा करने के लिए अधिक हुआ।

ऋग्वेद में गाय और सांड़ की इतनी चर्चा है कि ऋग्वैदिक आर्यों को मुख्य रूप से पशुचारक कहा जा सकता है। उनकी अधिकांश लड़ाइयां गाय को लेकर हुई हैं। ऋग्वेद में युद्ध का पर्याय गविष्टि (गाय का अन्वेषण) है। गाय सबसे उत्तम धन मानी जाती थी। जहाँ-कहीं पुरोहितों को दी जाने वाली दक्षिणा की बात आई है उसमें आम तौर से गायें और दासियां होतीं और भूमि कभी न होती। ऋग्वैदिक लोग गाय चराने, खेती करने और बसने के लिए जमीन पर कब्जा करते होंगे, परन्तु भूमि निजी संपत्ति नहीं होती थी।

ऋग्वेद में बढ़ई, रथकार, बुनकर, चर्मकार, कुम्हार आदि शिल्पियों के उल्लेख मिलते हैं। इससे पता चलता है कि आर्य लोगों में इन सभी शिल्पों का प्रचलन था। तांबे या कांसे के अर्थ में 'अयस्' शब्द के प्रयोग से प्रकट होता है कि उन्हें धातुकर्म की जानकारी थी। परन्तु नियमित व्यापार के होने का कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिलता है। आर्यजन या वैदिक जन का अधिक संबंध स्थल मार्ग से था क्योंकि ऋग्वेद में उल्लिखित समुद्र शब्द मुख्यतः जलराशि का वाचक है। जो भी हो आर्य लोग शहरों में नहीं रहते थे, संभवतः वे किसी-न-किसी तरह का गढ़ बनाकर मिट्टी के घरवाले गांवों में रहते थे। और पुरातत्ववेत्ताओं को अभी तक ऐसी गढ़ वाली बस्तियों का पता नहीं लगा है। वे पहाड़ों में स्थित गुफाओं से भी परिचित थे।

हाल में हरियाणा में भगवानपुरा नामक स्थल की और पंजाब में तीन स्थलों की खुदाई हुई है, और इन सभी जगह उत्तरकालीन हड़प्पा मृद्भांडों के साथ चित्रित धूसर मृद्भांड (पी.जी.डब्ल्यू.) पाए गए हैं। भगवानपुरा में प्राप्त वस्तुओं की तिथि 1600 ई.पू. से 1000 ई. पू. तक रखी गई है और यही मोटे तौर पर ऋग्वेद का काल भी है। इन चार स्थलों का भौगोलिक क्षेत्र भी वही है जो ऋग्वेद के पर्याप्त अंश में मिलता है, यद्यपि इन सभी स्थलों में चित्रित धूसर मृद्भांड (पी.जी. डब्ल्यू.) मिले हैं, फिर भी लोहे की वस्तु और अनाज का पता नहीं है। इसलिए हम ऋग्वैदिक अवस्था के समान काल में चित्रित धूसर मृद्भांड संस्कृति (पी.जी.डब्ल्यू.) के अंतर्गत लौह-पूर्व अवस्था की कल्पना कर सकते हैं। यह बात रोचक है कि भगवानपुरा में तेरह कमरों वाला एक मिट्टी का घर प्रकाश में आया है। इसका कालनिर्धारण पक्का नहीं है। या तो यह किसी बहुत बड़े परिवार का निवासगृह होगा या कबीला-सरदार का आवास। इन सभी स्थलों पर गोरुओं की हड्डियां भारी तादाद में मिली हैं और भगवानपुरा में घोड़ों की भी हड्डियां मिली हैं।

जनजातीय राज्यव्यवस्था ऋग्वैदिक काल में आर्यों का प्रशासन-तन्त्र कबीले के प्रधान के हाथों चलता था, क्योंकि वही युद्ध का सफल नेतृत्व करता था। वह राजन् (अर्थात् राजा) कहलाता था। प्रतीत होता है कि ऋग्वैदिक काल में राजा का पद आनुवंशिक हो चुका था। राजा एक प्रकार का सरदार था उसके हाथ में असीमित अधिकार नहीं रहता था, क्योंकि उसे कबायली संगठनों से सलाह लेनी पड़ती थी। हमें इस बात का भी आभास मिलता है कि कबीले की आम सभा, जो समिति कहलाती थी, अपने राजा को चुनती थी। राजा को अपने कबीले का रक्षक कहा जाता था। वह कबीले के मवेशी की रक्षा करता था, युद्ध में लड़ता था, और उसकी ओर से देवताओं की प्रार्थना करता था।

ऋग्वेद में कबीलों या कुलों के आधार पर बने बहुत-से संगठनों के उल्लेख मिलते हैं, जैसे सभा, समिति, विदथ, गण। ये संगठन विचार-विमर्श करते थे, तथा सैनिक और धार्मिक कार्य देखते थे। ऋग्वैदिक काल में स्त्रियां भी सभा और विदथ में भाग लेती थीं। सभा और समिति ये दोनों संगठन इतने महत्त्वपूर्ण थे कि प्रधान या राजा भी समर्थन के लिए इनका मुंह जोहते रहते थे।

दैनिक प्रशासन में कुछ अधिकारी राजा की सहायता करते थे। सबसे महत्त्वपूर्ण अधिकारी पुरोहित होता था। ऋग्वेद-काल में वसिष्ठ और विश्वामित्र दो महान् पुरोहित हुए। वसिष्ठ रूढ़िवादी थे और विश्वामित्र उदार। लोगों को आर्य बनाने के लिए विश्वामित्र ने गायत्री मंत्र की रचना की। पुरोहित राजा को कर्त्तव्य का उपदेश देते थे, उनका गुणगान करते थे, और बदले में गायों और दासियों के रूप में प्रचुर दान-दक्षिणा पाते थे। पुरोहित के बाद शायद सेनानी का स्थान था जो भाला, कुठार, तलवार आदि अस्त्र चलाना जानता था। हमें ऐसे किसी अधिकारी का पता नहीं चलता जो कर वसूलता हो। संभवतः प्रजा स्वयं राजा को उसका अंश स्वेच्छा से दे देती थी, इस अंश का नाम बलि (अर्थात् चढ़ावा) था। युद्ध में प्राप्त भेंट और लूट की वस्तुएं वैदिक सभा में बांट दी जाती थीं। ऋग्वेद में किसी तरह के न्यायाधिकारी का उल्लेख नहीं है। लेकिन यह कोई आदर्श समाज नहीं था कि जहाँ इसकी जरूरत न रही हो। चोरी और सेंधमारी होती थी, और गायों की चोरी तो विशेष रूप से होती थी। ऐसी समाजविरोधी हरकतों को रोकने के लिए गुप्तचर रखे जाते थे।

अधिकारियों के पदनामों से नहीं लगता है कि वे भूभाग पर शासन करते थे। फिर भी लगता है कि कुछ अधिकारी क्षेत्रों से जुड़े थे। चरागाहों और आबाद गाँवों पर उनके विशेष अधिकार थे। चरागाह या बड़े जत्थे का प्रधान व्राजपति कहलाता था। वही परिवारों के प्रधानों को, जो कुलपा कहलाते थे, अथवा लड़ाकू दलों के प्रधानों को, जो ग्रामणी कहलाते थे, साथ करके युद्ध में ले जाता था। आरंभ में ग्रामणी छोटी-सी कबायली लड़ाकू टोली का मुखिया होता था। पर बाद में जब ऐसी टोली स्थिरवासी हो गई तब ग्रामणी सारे गाँव का मुखिया हो गया, और कालांतर में वही व्राजपति बन गया।

राजा कोई नियमित या स्थायी सेना नहीं रखता था, लेकिन युद्ध के समय स्वजनों की सेना (मिलिशिया) संगठित कर लेता था। व्रात, गण, ग्राम और सर्ध नाम से विदित विभिन्न कबायली टोलियां लड़ाई लड़ती थीं। कुल मिलाकर यह कबायली ढंग का शासन था जिसमें सैनिक तत्त्व प्रबल होता था। नागरिक शासन या प्रादेशिक प्रशासन जम नहीं पा रहा था क्योंकि लोग निरंतर स्थान बदलते और फैलते जाते थे।

कबीला और परिवार सामाजिक संगठन का आधार गोत्र या जन्ममूलक संबंध था। जैसा कि कई ऋग्वैदिक राजाओं के नामों से ज्ञात होता है, व्यक्ति की पहचान उसके कुल या गोत्र से होती थी। लोगों की सबसे अधिक आस्था अपने-अपने कबीले के प्रति रहती थी, जिसे जन कहा जाता था। एक पुरानी ऋचा में दो जनों की संयुक्त युद्ध-क्षमता इक्कीस बताई गई है। इससे लक्षित होता है कि किसी जन में सदस्यों की संख्या कुल मिलाकर 100 से अधिक नहीं रहती होगी। ऋग्वेद में जन शब्द का उल्लेख लगभग 275 बार हुआ है, पर जनपद (अर्थात् राज्यक्षेत्र) शब्द एक बार भी नहीं आया है। लोग कबीले के अंग थे, क्योंकि उन दिनों राज्यक्षेत्र या राज्य स्थापित नहीं हो पाया था।

ऋग्वेद में दूसरा महत्त्वपूर्ण शब्द जो कबीले के अर्थ में मिलता है वह है विश्। इसका अनुवाद गोत्र या क्लैन भी किया जा सकता है। ऋग्वेद में इसका उल्लेख 170 बार हुआ है। संभवतः विश् को लड़ाई के उद्देश्य से ग्राम नामक टोलियों में बांटा गया था। उस समय ग्राम में स्वजनों के छोटे समूह का बोध होता था। जब ये ग्राम आपस में टकरा जाते थे तो संग्राम या युद्ध हो जाता था। वैश्य नामक बहुसंख्यक वर्ण का उदय इसी विश् या कबायली जनसमूह से हुआ है।

ऋग्वेद में परिवार वाचक कुल शब्द का प्रयोग विरल है। इसमें केवल माता, पिता, पुत्र, दास आदि ही नहीं आते थे, बल्कि और भी लोग आते थे। प्रतीत होता है कि आरंभिक वैदिक अवस्था में परिवार के अर्थ में गृह शब्द था, जो ऋग्वेद में बार-बार आया है। प्राचीनतम हिन्द-यूरोपीय भाषाओं में पोते, नाती, भांजे, भतीजे आदि सब के लिए एक ही शब्द था। इसका अर्थ हुआ कि पृथक् कुटुम्बों की स्थापना की दिशा में पारिवारिक संबंधों का विभेदीकरण बहुत अधिक नहीं हुआ था और कुटुम्ब एक बड़ी सम्मिलित इकाई था। रोमन समाज की तरह यह पितृसत्तात्मक परिवार था जिसमें पिता मुखिया होता था। जान पड़ता है कि परिवार की अनेक पीढ़ियां एक घर में साथ-साथ रहती थीं। निरंतर युद्ध में लगे पितृसत्तात्मक समाज में लोग हमेशा वीर पुत्रों की प्राप्ति के लिए देवता से प्रार्थना करते रहते थे। ऋग्वेद में बेटी के लिए कामना कहीं व्यक्त नहीं की गई है, जब कि प्रजा (संतान) और पशु की कामना सूक्तों में बार-बार आई है।

स्त्रियां सभा-समितियों में भाग ले सकती थीं। वे पतियों के साथ यज्ञों में आहुतियां दे सकती थीं। सूक्तों की रचना करने वाली पाँच महिलाएं ज्ञात हैं। बाद के ग्रंथों में तो ऐसी 20 स्त्रियों के उल्लेख मिलते हैं। निःसंदेह, सूक्तों की रचना मौखिक होती थी, और उस काल का कोई लेख नहीं मिला है।

विवाह संस्था कायम हो चुकी थी, यद्यपि कुछ आदिम प्रथाओं के अवशेष का भी आभास मिलता है। जुड़वाँ भाई-बहन यम और यमी की कहानी हमें मालूम है। यमी ने यम से विवाह का प्रस्ताव रखा, यम ने अस्वीकार कर दिया। बहुपति-प्रथा के भी कुछ संकेत मिले हैं। उदाहरणार्थ, मरुतों ने रोदसी को मिलकर भोगा और सूर्य की पुत्री सूर्या दोनों भाई अश्विन् के साथ रहती थी। लेकिन ऐसे उदाहरण बहुत नहीं हैं। शायद ये मातृसत्तात्मक स्थिति के सूचक अवशेष हैं; और हम माता के नाम पर पुत्रों का नामकरण भी पाते हैं, जैसे मामतेय।

ऋग्वेद में नियोग-प्रथा और विधवा-विवाह के प्रचलन का भी आभास मिलता है। बाल-विवाह का कोई उदाहरण नहीं है। जान पड़ता है ऋग्वैदिक काल में 16 से 17 वर्ष की आयु में विवाह होता था।

सामाजिक वर्गीकरण ऋग्वेद में हमें 1500-1000 ई.पू. आस-पास के पश्चिमोत्तर भारत के लोगों के शारीरिक वर्ण-रंग की चेतना का कुछ आभास मिलता है। वर्ण शब्द का प्रयोग रंग के अर्थ में होता था, और प्रतीत होता है कि आर्य भाषाभाषी गौर वर्ण के थे और मूलवासी लोग काले रंग के। हो सकता है, सामाजिक वर्ग-विन्यास में रंग को परिचायक चिह्न बनाया गया हो, लेकिन रंगभेदवादी पश्चिमी लेखकों ने रंग की धारणा को बढ़ा-चढ़ा कर प्रस्तुत किया है। वास्तव में समाज में वर्गों के सृजन का सबसे बड़ा कारण हुआ प्राचीन वासियों पर आर्यों का आधिपत्य। आर्यों द्वारा जीते गए दास और दस्यु दोनों ही हीन दास (गुलाम) और शूद्र हो गए। ऋग्वेद में आर्य वर्ण और दास वर्ण का उल्लेख है। जीती गई वस्तुओं में कबीले के सरदारों और पुरोहितों को अधिक हिस्सा मिलता था और स्वभावतः वे अपने सगे-संबंधियों को वंचित करते हुए अधिकाधिक संपन्न होते गए, इससे कबीले में सामाजिक असमानता का सृजन हुआ। धीरे-धीरे कबायली समाज तीन वर्गों में बंट गया- योद्धा, पुरोहित और सामान्य लोग (प्रजा)। इसी तरह का विभाजन ईरान में भी हुआ था। चौथा वर्ण, जो शूद्र कहलाता था, ऋग्वेद काल के अंत में दिखाई पड़ता है, क्योंकि इसका सर्वप्रथम उल्लेख ऋग्वेद के दशम मंडल में है, जो सबसे बाद में जोड़ा गया है।

पुरोहितों को दक्षिणा में दास दिए जाने की बात बार-बार आई है। मुख्य रूप से दासियां ही दी जाती थीं जिनसे घरेलू काम कराया जाता था। इस बात से जाहिर होता है कि ऋग्वेद-काल में दास प्रत्यक्षतः खेती के काम में या अन्य उत्पादनात्मक कार्य में नहीं लगाए जाते थे।

ऋग्वेद के युग में ही व्यवसाय के आधार पर समाज में विभेदीकरण आरंभ हुआ। किंतु उन दिनों यह विभेदीकरण बहुत कड़ा नहीं हुआ था। ऋग्वेद में किसी परिवार का एक सदस्य कहता है- "मैं कवि हूँ, मेरे पिता वैद्य हैं और मेरी माता चक्की चलाने वाली है, भिन्न-भिन्न व्यवसायों से जीविकोपार्जन करते हुए हम एक साथ रहते हैं...।" गायें, रथ, घोड़े, दास-दासियां आदि दान में दिए जाते थे। युद्ध में हाथ लगी संपत्ति का असमान वितरण होने के कारण समाज में असमानता आई और इससे सामान्य कबायली लोगों को वंचित करते हुए राजाओं और पुरोहितों को आगे बढ़ने में सहायता मिली। लेकिन चूँकि मुख्य आर्थिक आधार पशुचारण था इसलिए प्रजा से नियमपूर्वक कर (राजस्व) वसूलने की गुंजाइश बहुत कम थी। हमें दान में भूमि मिलने का उल्लेख नहीं मिलता है, और अन्नदान का भी विरल वर्णन ही मिलता है, और हम दास-दासियां पाते हैं लेकिन मजदूर (अर्थात् मजदूरी पर खटने वाले श्रमिक) नहीं देखते हैं। समाज में कबायली तत्त्व प्रबल थे, तथा कर-संग्रह और भूमि-संपदा के स्वामित्व पर आश्रित सामाजिक वर्गीकरण नहीं हुआ था। समाज अब भी कबायली और बहुत कुछ समतानिष्ठ था।

ऋग्वैदिक देवता हर समुदाय को अपना धर्म का आवरण अपने ही परिवेश से मिलता है। वर्षा का होना, सूर्य और चंद्र का उदन, नदी-पर्वत आदि का अस्तित्व, ये सब बातें वैदिक लोगों के लिए पहेली जैसी थीं। अतः उन लोगों ने इन प्राकृतिक शक्तियों को अपने मन में दैहिक रूप देकर इन्हें प्राणियों के रूप में देखा और इनमें मानव और पशु के गुण आरोपित किए। ऐसे बहुत से देवताओं के दर्शन हमें ऋग्वेद में मिलते हैं, जिनमें इन देवताओं की स्तुति में विभिन्न ऋषियों के रचे सूक्त भरे पड़े हैं। ऋग्वेद में सबसे अधिक प्रतापी देवता इंद्र है, जिन्हें पुरंदर अर्थात् किले को तोड़ने वाला कहा गया है। इंद्र आर्यों के युद्ध नेता के रूप में चित्रित है, जिसने असुरों से लड़ने में आर्य-सैनिकों का नेतृत्व किया और उन्हें विजय दिलाई। इंद्र पर 250 सूक्त हैं। वह बादल का देवता माना गया है जो वर्षा देता है। अग्नि का दूसरा स्थान है। उस पर 200 सूक्त हैं। आदिम अवस्था के लोगों में अग्नि की भूमिका बड़े महत्त्व की रही, क्योंकि इससे वे जंगलों को जलाना, खाना पकाना आदि काम लेते थे। अग्नि की उपासना न केवल भारत में, अपितु ईरान में भी जागृत रही है। वैदिक काल में अग्नि ने देवताओं और मानवों के बीच मध्यस्थ का काम किया है। समझा जाता था कि अग्नि में डाली जाने वाली आहुतियाँ धुआं बनकर आकाश में जाती हैं और अंततः देवताओं को मिल जाती हैं। तीसरा स्थान वरुण का है जो जल या समुद्र का देवता माना गया है। उसे ऋत् अर्थात् प्राकृतिक संतुलन का रक्षक कहा गया है और समझा जाता था कि जगत् में जो भी घटनाएँ होती हैं वह उसी की इच्छा का परिणाम हैं। सोम को वनस्पतियों का अधिपति माना गया है और एक मादक रस का नाम उसी के नाम पर पड़ा है। ऋग्वेद के बहुत से सूक्तों में एक प्रकार के पौधे से, जिसकी पहचान अभी तक पक्की नहीं हो पाई है, सोमरस बनाने की विधि बताई गई है। मरुत् आँधी के देवता हैं। इस प्रकार हमें इसमें ऐसे बहुत सारे देवताओं के उल्लेख मिलते हैं जो किसी-न-किसी रूप में प्रकृति की विभिन्न शक्तियों के प्रतिरूप हैं और साथ ही मानवोचित व्यवहार भी करते हैं।

देवताओं में कुछ देवियां भी हैं, जैसे अदिति और उषस्, जो प्रभात समय के प्रतिरूप हैं। किंतु ऋग्वेद-काल में देवियों की प्रमुखता नहीं थी। उस काल के पितृसत्तात्मक समाज में देवों का बोलबाला देवियों से कहीं अधिक था।

देवताओं की उपासना की मुख्य रीति थी स्तुतिपाठ करना और यज्ञ-बलि (चढ़ावा) अर्पित करना। ऋग्वैदिक काल में स्तुतिपाठ पर अधिक जोर था। स्तुतिपाठ सामूहिक भी होता था और अलग-अलग भी। सामान्यतः हर कबीले या गोत्र का अपना अलग देवता होता था। लगता है कि स्तुतिपाठ कबीले या गोत्र भर के लोग समवेत स्वर में करते थे। यज्ञाहुतियों में भी यही बात होती थी। इंद्र और अग्नि समस्त जन द्वारा दी गई बलि ग्रहण करने के लिए आहूत होते थे। बलि या यज्ञाहुति में शाक, जौ आदि वस्तुएँ दी जाती थीं। परंतु ऋग्वैदिक काल में ये वस्तुएं चढ़ाते समय कोई आनुष्ठानिक या याज्ञिक मंत्र नहीं पढ़े जाते थे। उन दिनों शब्द में किसी जादुई असर का होना उतना नहीं माना जाता था जितना उत्तर वैदिक काल में माना जाने लगा। ऋग्वैदिक काल के लोग देवाराधना क्यों करते थे? वे लोग आध्यात्मिक उत्थान या जन्म-मृत्यु के कष्टों से मुक्ति के लिए ऐसा नहीं करते थे। वे अपने देवताओं से संतति, पशु, अन्न, धान्य, आरोग्य आदि पाने की कामना से उनकी उपासना करते थे।

अभ्यास

  1. निम्नलिखित पदों और धारणाओं का आशय स्पष्ट करें : मंडल, दास, दस्यु, पञ्चजन, जन, गविष्टि, राजन्, सभा, समिति, ग्रामणी, विश्, पितृसत्तात्मक।

  2. आर्य शब्द के विविध प्रयोगों की खोज करें। जब इसका प्रयोग 1500 ई. पू. के आसपास भारत में आ बसने वाले जन-समूहों के लिए किया जाता है तब इसका अर्थ क्या होता है?

  3. ऋग्वैदिक लोगों के भौतिक जीवन का चित्रण करें। क्या उन लोगों को कृषक जन कहना ठीक होगा? विवेचन करें।

  4. ऋग्वैदिक युग की राजनीतिक पद्धति का वर्णन करें। उसके जनजातीय स्वरूप का निरूपण करें।

  5. ऋग्वैदिक लोग किन-किन देवों को और क्यों पूजते थे? उनकी उपासना-विधि का वर्णन करें।

  6. ऋग्वैदिक लोगों के सामाजिक संगठन और पारिवारिक व्यवस्था का वर्णन करें।

  7. इस अध्याय में जिन लोगों का विवेचन हुआ है वे ऋग्वैदिक लोग क्यों कहलाते थे?

अध्याय 9उत्तर वैदिक अवस्था : राज्य और वर्ण-व्यवस्था की ओर

उत्तर वैदिक काल (1000-600 ई. पू.) में आर्यों का विस्तार उत्तर वैदिक काल का इतिहास मुख्यतः उन वैदिक ग्रंथों पर आधारित है जिनकी रचना ऋग्वैदिक काल के बाद हुई। वैदिक सूक्तों या मंत्रों के संग्रह को संहिता कहते हैं। ऋग्वेद संहिता सबसे पुराना वैदिक ग्रंथ है। इसी के आधार पर हमने आरंभिक वैदिक युग का वर्णन किया है। गाने के लिए ऋग्वैदिक सूक्तों को चुनकर धुन में बांधा गया, और इस पुनर्विन्यस्त संकलन का नाम सामवेद संहिता पड़ा। ऋग्वेदोत्तर काल में सामवेद के अतिरिक्त और दो संकलन तैयार किए गए। वे हैं- यजुर्वेद संहिता और अथर्ववेद संहिता। यजुर्वेद में केवल ऋचाएँ ही नहीं, उन्हें गाते समय किए जाने वाले अनुष्ठान भी दिए गए हैं। इन अनुष्ठानों से उस सामाजिक और राजनीतिक परिस्थिति का परिचय मिलता है जिस में इन अनुष्ठानों का उद्भव हुआ। अथर्ववेद में विपत्तियों और व्याधियों के निवारण के लिए तंत्र-मंत्र संगृहीत हैं। इसमें आर्य तत्त्वों से आर्येतर लोगों के विश्वासों और रूढ़ियों का पता लगता है। वैदिक संहिताओं के बाद कई ग्रंथ लिखे गए जिन्हें ब्राह्मण कहते हैं। इनमें वैदिक अनुष्ठान की विधियां संगृहीत हैं और उन अनुष्ठानों की सामाजिक एवं धार्मिक व्याख्या भी की गई है। ये सभी उत्तरकालीन वैदिक ग्रंथ लगभग 1000-500 ई. पू. में ऊपरी गंगा के मैदान में रचे गए। उत्खनन और अनुसंधान के फलस्वरूप, इसी काल और इसी क्षेत्र के लगभग 700 स्थल प्रकाश में आए हैं, जहाँ सबसे पहले बस्तियां कायम हुई थीं। इन्हें चित्रित धूसर मृद्भांड (पी.जी. डब्ल्यू. अर्थात् पेन्टेड ग्रे वेअर) स्थल कहते हैं, क्योंकि यहाँ के निवासी मिट्टी के चित्रित और भूरे रंग के कटोरों और थालियों का प्रयोग करते थे। वे लोहे के हथियारों का भी प्रयोग करते थे। उत्तरकालीन वैदिक ग्रंथ और चित्रित धूसर मृद्भांड लौह अवस्था के पुरातत्त्व, इन दोनों के संयुक्त साक्ष्य से हमें आभास मिलता है कि ईसा पूर्व प्रथम सहस्राब्दी के पूर्वार्द्ध में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में और पंजाब, हरियाणा तथा राजस्थान के संलग्न क्षेत्रों में बसने वाले लोगों का जीवन कैसा था।

उक्त ग्रंथों से प्रकट होता है कि पंजाब से आर्यजन गंगा-यमुना दोआब के अंतर्गत संपूर्ण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फैल गए थे। दो प्रमुख कबीले भरत और पुरु एक होकर कुरु नाम से विदित हुए। आरंभ में वे लोग दोआब के ठीक छोर पर सरस्वती और दृषद्वती नदियों के प्रदेश में बसे। शीघ्र ही कुरुओं ने दिल्ली क्षेत्र और दोआब के ऊपरी भाग पर अधिकार कर लिया, जो कुरुक्षेत्र नाम से प्रसिद्ध हुआ। धीरे-धीरे वे पांचालों से भी मिल गए जो दोआब के मध्य भाग पर काबिज थे। इस प्रकार कुरु-पांचालों की सत्ता दिल्ली क्षेत्र पर और दोआब के ऊपरी भाग और मध्य भागों पर फैल गई। तब उन्होंने हस्तिनापुर को अपनी राजधानी बनाया जो मेरठ जिले में पड़ता है। कुरु कुल का इतिहास भारत-युद्ध को लेकर मशहूर है जिस पर महाभारत नाम का विख्यात महाकाव्य है। यह माना जाता है कि भारत युद्ध 950 ई.पू. के आस-पास कौरवों और पांडवों के बीच हुआ था, हालाँकि ये दोनों कुरु कुल के ही थे। इस युद्ध के फलस्वरूप वस्तुतः सारे कुरुवंशियों का नाश हो गया।

हस्तिनापुर में मिली सामग्रियों से, जिनकी तिथि 900 ई.पू. से 500 ई.पू. की अवधि आंकी जा सकती है, यहाँ की बस्तियों का और नगर जीवन के धुंधले आरंभ का पता चलता है। किंतु महाभारत में हस्तिनापुर का जो वर्णन है उससे इसका कोई भी मेल नहीं है, क्योंकि इस महाकाव्य की रचना बहुत बाद में ईसा की चौथी सदी के आसपास हुई है, जब भौतिक जीवन में काफी उन्नति हो चुकी थी। उत्तर वैदिक काल में लोग पकाई हुई ईंट का प्रयोग शायद ही जानते थे। हस्तिनापुर की खुदाई में जो कच्ची संरचनाएँ मिली हैं वे न भव्य ही कही जा सकती हैं, और न टिकाऊ ही। प्राचीन कथाओं के अनुसार हम जानते हैं कि हस्तिनापुर बाढ़ में बह गया और कुरुवंश में जो जीवित रहे वे इलाहाबाद के पास कौशाम्बी जाकर बस गए।

आज के बरेली, बदायूं और फर्रुखाबाद जिलों में फैला पांचाल राज्य उत्तर वैदिक साहित्य में वर्णित अपने दार्शनिक राजाओं और तत्त्वज्ञानी ब्राह्मणों को लेकर विख्यात था।

उत्तर वैदिक काल का अंत होते-होते 600 ई. पू. के आसपास वैदिक लोग दोआब से पूरब की ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कोसल और उत्तरी बिहार के विदेह में फैले। यद्यपि कोसल राम की कथा से जुड़ा है, फिर भी वैदिक साहित्य में रामकथा का कोई उल्लेख नहीं मिलता है। इन वैदिक लोगों का पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी बिहार में ऐसे लोगों से सम्पर्क हुआ जो तांबे के औजारों और काले-व-लाल मृद्भांडों का प्रयोग करते थे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इनका सामना संभवतः उन लोगों से हुआ जो तांबे के औजारों और गेरुए या लाल रंग के मृद्भांडों का प्रयोग करते थे। उन्हें संभवतः ऐसे लोगों की भी बस्तियां कहीं-कहीं मिलीं जो काले-व-लाल मृद्भांडों का प्रयोग करते थे। कहा जाता है कि कुछ स्थानों पर उनका मुकाबला उत्तर हड़प्पाई संस्कृति को अपनाने वाले लोगों से भी हुआ; परन्तु लगता है कि वे लोग मिश्रित संस्कृति वाले थे, जिस संस्कृति की शुद्ध हड़प्पाई नहीं कह सकते हैं। उत्तर वैदिक लोगों के शत्रु चाहे जो भी रहे हों उनका किसी भी बड़े और सघन क्षेत्र पर जमाव नहीं था और ऊपरी गंगा मैदान में उनकी संख्या भी बहुत अधिक नहीं थी। विस्तार के दूसरे दौर में वैदिक लोग इसलिए सफल हुए कि उनके पास लोहे के हथियार और अश्वचालित रथ थे।

चित्रित धूसर मृद्भांड (पी.जी.डब्ल्यू.)-लौहावस्था संस्कृति और उत्तर वैदिक अर्थव्यवस्था लगभग 1000 ई.पू. में लोहा कर्नाटक के धारवाड़ जिले में मिलता है। यह स्पष्ट नहीं है कि यहाँ से यह कैसे फैला। पर उसी समय से पाकिस्तान के गांधार क्षेत्र में लोहे का प्रयोग होने लगा। मृतकों के साथ कब्रों में गाड़े गए लोहे के औजार भारी मात्रा में खुदाई से निकले हैं। ऐसे औजार बलूचिस्तान में भी मिले हैं। लगभग इसी काल में पूर्वी पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी लोहे का प्रयोग पाया गया है। खुदाई से ज्ञात होता है कि तीर के नोक, बरछे के फाल आदि लौहास्त्रों का प्रयोग लगभग 800 ई. पू. से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आम तौर से होने लगा था। लोहे के इन हथियारों से वैदिक लोगों ने ऊपरी दोआब में सामने आए अपने बचे-खुचे शत्रुओं को परास्त कर दिया होगा। ऊपरी गंगा के मैदानों के जंगलों को साफ करने में लोहे की कुल्हाड़ी से काम लिया गया होगा, हालाँकि वर्षा केवल 35 सेंटीमीटर से 65 से. मी. तक होने के कारण ये जंगल ज्यादा घने नहीं रहे होंगे। वैदिक काल के अन्तिम दौर में लोहे का ज्ञान पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदेह में फैल गया था। इन प्रदेशों में जो सबसे पुराने लौहास्त्र पाए गए हैं वे ईसा पूर्व सातवीं सदी के हैं, और उत्तर वैदिक ग्रंथों में इस धातु को श्याम या कृष्ण अयस् कहा गया है।

यद्यपि लोहे के कृषि-औजार कम पाए गए हैं, तथापि इसमें संदेह नहीं कि उत्तर वैदिक काल के लोगों की मुख्य जीविका खेती हो चली थी। वैदिकग्रंथों में छह, आठ, बारह और चौबीस तक बैल हल में जोते जाने की चर्चा है। इसमें कुछ अत्युक्ति हो सकती है। जुताई लकड़ी के फाल वाले हल से होती थी, जिससे ऊपरी गंगा के मैदानों की हल्की मिट्टी में संभवतः काम लिया जा सकता था। यद्यपि पशु-बलि के प्रचलन के कारण बैल पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं रहे होंगे। इसलिए खेती आरंभिक अवस्था में थी, किंतु इसके व्यापक प्रचलन में संदेह नहीं है। शतपथ ब्राह्मण में हल संबंधी अनुष्ठान का लंबा वर्णन आया है। कहा गया है कि सीता के पिता और विदेह के राजा जनक ने हल चलाया था। उन दिनों राजा और राजकुमार भी शारीरिक श्रम करने में हिचकिचाते नहीं थे। कृष्ण का भाई बलराम हलधर कहलाता था क्योंकि हल उसका हथियार था। उत्तर वैदिक काल के अंत में पले-बढ़े बुद्ध के लिए भी वर्णित है।

वैदिक काल के लोग जौ तो उपजाते ही रहे, पर इस काल में चावल और गेहूँ उनकी मुख्य फसलें हो गईं। बाद में चलकर गेहूँ पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुख्य खाद्यान्न हो गया। वैदिक लोगों को चावल से परिचय सबसे पहले दोआब में हुआ। वैदिक ग्रंथों में इसका नाम व्रीहि है। चावल का अवशेष जो हस्तिनापुर में मिला है वह ईसा-पूर्व आठवीं सदी का है। इसी समय के आसपास एटा जिले में स्थित अतरंजीखेड़ा से भी चावल मिला है। वैदिक अनुष्ठानों में चावल के प्रयोग का विधान है, पर गेहूँ के प्रयोग का कदाचित् ही। उत्तर वैदिक काल के लोग कई प्रकार के दलहन भी पैदा करते थे।

उत्तर वैदिक काल में भी बहुत प्रकार की कलाओं और शिल्पों का उदय हुआ। हमें लुहारों और धातुकारों के बारे में जानकारी मिलती है; अवश्य ही वे लोग 1000 ई. पू. के आसपास से कुछ-न-कुछ लोहे का काम करते रहे होंगे। तांबे से उनका परिचय वैदिक काल के आरंभ से ही था। 1500 ई.पू. के पहले के तांबे के बहुत सारे औजार के जखीरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार में मिले हैं। उनसे प्रकट होता है कि वैदिकेतर समाज में भी ताम्रशिल्पी थे। वैदिक लोग संभवतः राजस्थान की खेतड़ी की तांबे की खानों का उपयोग करते थे। जो भी हो, वैदिक काल के लोगों ने जिन धातुओं का प्रयोग किया उनमें तांबा पहला रहा होगा। तांबे की वस्तुएँ चित्रित धूसर मृद्भांड स्थलों में पाई गई हैं। इन वस्तुओं का उपयोग मुख्यतः लड़ाई और शिकार तथा आभूषण के रूप में भी किया जाता था।

बुनाई केवल स्त्रियां करती थीं, किंतु यह काम बड़े पैमाने पर होता था। चमड़े, मिट्टी और लकड़ी के शिल्पों में भारी प्रगति हुई। उत्तर वैदिक काल के लोग चार प्रकार के मृद्भांडों से परिचित थे-काला-व-लाल मृद्भांड, काली पालिशदार मृद्भांड, चित्रित धूसर मृद्भांड और लाल मृद्भांड। इनमें अन्तिम प्रकार का मृद्भांड उनके बीच सबसे अधिक प्रचलित था और लगभग समूचे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पाया गया है। लेकिन चित्रित धूसर मृद्भांड उनके सर्वोपरि वैशिष्ट्य सूचक हैं। इनमें कटोरे और थालियां मिली हैं जिनका व्यवहार शायद उदीयमान उच्च वर्गों के लोग धार्मिक कृत्यों में या भोजन में या दोनों कामों में करते थे। चित्रित धूसर मृद्भांड वाले स्तरों में जो कांच की निधियां और चूड़ियां मिली हैं उनका उपयोग प्रतिष्ठावर्धक वस्तुओं के रूप में गिने-चुने लोग ही करते होंगे। कुल मिलाकर याज्ञिक ग्रंथ और उत्खनन दोनों से शिल्प-वस्तुओं के विशेषीकृत उत्पादन का संकेत मिलता है। उत्तर वैदिक ग्रंथों में स्वर्णकारों या आभूषण निर्माताओं का भी उल्लेख है, जो संभवतः समाज के संपन्न वर्ग की आवश्यकता की पूर्ति करते होंगे।

खेती और विविध शिल्पों की बदौलत अब उत्तर वैदिक काल के लोग स्थायी जीवन अपनाने में समर्थ हो गए। उत्खननों और अनुसंधानों से हमें कुछ आभास मिलता है कि उत्तर वैदिक काल की बस्तियां कैसी थीं। चित्रित धूसर मृद्भांड स्थल न केवल कुरुपांचाल क्षेत्र अर्थात् पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में ही व्यापक रूप से फैले पाए गए हैं बल्कि मद्र क्षेत्र अर्थात् पंजाब और हरियाणा के संलग्न भागों में और मत्स्य क्षेत्र अर्थात् राजस्थान के संलग्न भागों में भी मिले हैं। इन स्थलों की संख्या कुल मिलाकर 700 के करीब हो सकती है जो अधिकतर ऊपरी गंगा घाटी में पड़ते हैं। इनमें गिने-चुने स्थलों का ही उत्खनन हो पाया है, जैसे हस्तिनापुर, अतरंजीखेड़ा, जखेड़ा और नोह। चूँकि बस्ती के भौतिक अवशेषों का जमाव एक मीटर तक है, इसलिए मालूम पड़ता है कि ये बस्तियां एक से तीन सदियों तक टिकी रही होंगी। काफी स्थल नए वास के थे, जहाँ ठीक पहले कोई नहीं बसे थे। लोग कच्ची ईंटों के घरों में लकड़ी के खम्भों पर टिके टट्टी के घरों में रहते थे। उनके घर तो निम्न कोटि के हैं फिर भी उनके चूल्हों और अनाजों (धान) से प्रकट होता है कि चित्रित धूसर मृद्भांड काल के लोग, जो उत्तर वैदिक लोग ही हैं, कृषिजोवी और स्थिरवासी थे। लेकिन चूँकि किसान लोग सामान्यतः काठ के फाल वाले हल से खेती करते थे इसलिए वे इतना अन्न नहीं उपजा सकते थे कि खेती से भिन्न व्यवसायों में लगे लोगों की भी आवश्यकता पूरी कर सकें। अतः किसान नगरों के उदय में हाथ नहीं बंटा सके।

उत्तर वैदिक ग्रंथों में नगर शब्द आया तो है पर उत्तर वैदिक काल के अन्तिम दौर में शायद हम नगरों के आरंभ का मंद आभास ही पाते हैं। हस्तिनापुर और कौशांबी (इलाहाबाद के पास) को वैदिककाल के अंत के महज गर्भावस्था वाले नगर थे। इन्हें आद्य नगरीय स्थल (प्रोटो-अर्बन साइट) ही कहा जा सकता है। वैदिक ग्रंथों में समुद्र और समुद्रयात्रा की भी चर्चा है। इससे किसी-न-किसी तरह के वाणिज्य का संकेत मिलता है, जिसे नई-नई कलाओं और शिल्पों के उदय से बल मिला होगा।

कुल मिलाकर उत्तर वैदिक अवस्था में लोगों के भौतिक जीवन में भारी उन्नति हुई। पशुचारी और यायावरी जीवन-प्रणाली बहुत घट गई, खेती जीविका का मुख्य साधन हो गई और जीवन स्थायी तथा खूंटे में बंधा जैसा हो गया। विविध शिल्पों और कलाओं से लैस हो कर सब वैदिक लोग उत्तरी गंगा के मैदानों में स्थिर रूप से बस गए। मैदानों में बसने वाले किसान अपने निर्वाह के लिए तो काफी अनाज पैदा कर ही लेते थे, अपनी उपज का कुछ हिस्सा अपने मुखियों, राजाओं और पुरोहितों के निर्वाह के लिए भी बचा लेते थे।

राजनीतिक संगठन उत्तर वैदिक काल में ऋग्वैदिक जनता वाली सभा-समितियों के दिन लद गए और उनकी जगह पर राजकीय प्रभुत्व आ जमे। विदथ का नामोनिशान नहीं रहा। सभा और समिति अपनी जगह जीती तो रहीं, पर उनका रंग-ढंग बदल गया। उनमें राजाओं और अभिजातों का बोलबाला हो गया। अब सभा में स्त्रियों का प्रवेश निषिद्ध हो गया और कुलीनों तथा ब्राह्मणों का प्राबल्य हो गया।

राज्यों की आकार-वृद्धि से मुखिया या राजा अधिकाधिक शक्तिशाली होता गया। सत्ता धीरे-धीरे जनजातीय से प्रादेशिक होती गई। राजा या सरदार कबीलों पर शासन करते थे और उनके प्रमुख कबीले के नाम पर प्रदेशों का नाम पड़ा, भले ही उस प्रदेश के भीतर प्रमुख कबीलों से भिन्न लोग भी बसते हों। आरंभ में हर प्रदेश का नाम वहाँ पर सबसे पहले बसने वाले कबीले के नाम से प्रसिद्ध हुआ, उदाहरणार्थ, पहले पंचाल एक जन या कबीले का नाम था। बाद में यह प्रदेश विशेष का नाम हो गया। राष्ट्र शब्द, जिसका अर्थ प्रदेश या क्षेत्र होता है, पहले पहल इसी समय मिलने लगा है।

उत्तर वैदिक ग्रंथों में संकेत मिलता है कि राज्य के प्रधान या राजा का निर्वाचन होता था। जो शारीरिक और अन्य गुणों में सर्वश्रेष्ठ समझा जाता था वही राजा चुना जाता था। वह अपने सामान्य कुलजनों या अन्य जनों से, जो विश् कहलाते थे, स्वेच्छा से दी गई भेंट प्राप्त करता था, जो बलि अर्थात् चढ़ावा कहलाती थी। परंतु राजा ने भेंट प्राप्त करने की प्रथा को अपना अधिकार बना लिया। इस अधिकार और अपने पद की अन्य सुविधाओं को कायम रखने के उद्देश्य से उसने राजा के पद को आनुवंशिक (बपौती) बना लिया; इस प्रकार राजा का पद सामान्यतः उसके ज्येष्ठ पुत्र को मिलने लगा। लेकिन उत्तराधिकार का यह क्रम हमेशा निर्विघ्न रूप से नहीं चला। महाभारत में कहा गया है कि युधिष्ठिर के छोटे भाई दुर्योधन ने उनके राज्य का अपहरण कर लिया। राज्य की खातिर पांडवों और कौरवों के कुल का ही विनाश हो गया। इस युद्ध से स्पष्ट हो जाता है कि सत्ता के आगे स्वजन कुछ नहीं हैं।

कर्मकांड के विधानों से राजा और भी प्रभावशाली बना दिया गया। राजा राजसूय यज्ञ करता था, जिससे यह समझा जाता था कि उसे दिव्य शक्ति मिल गई। वह अश्वमेध यज्ञ करता था। इस यज्ञ में राजा का छोड़ा गया घोड़ा जिन-जिन क्षेत्रों से बेरोक गुजरता था उन सारे क्षेत्रों पर उस राजा का एकछत्र राज्य माना जाता था। वह वाजपेय यज्ञ (रथदौड़) भी करता था, जिसमें राजा का रथ उसके अन्य सभी बंधुओं के रथों से आगे निकलता था। इन सारे अनुष्ठानों से प्रजा के चित्त पर राजा की बढ़ती हुई शक्ति और महिमा की गहरी छाप पड़ती थी।

ऐसा लगता है कि इस काल में कर और नजराना (ट्रिब्यूट) का संग्रह प्रचलित हो गया था। इसके संग्रह और संचय के लिए एक अधिकारी रहता था जो संगृहीतु कहलाता था। रामायण और महाभारत से ज्ञात होता है कि बड़े-बड़े यज्ञों के अवसर पर राजा भारी मात्रा में दान और उपहार बांटता था और हर वर्ग के लोगों को उत्तम भोजन कराता था। राजा अपने कर्त्तव्य के संपादन में पुरोहित, सेनापति, पटरानी, और कई अन्य उच्च कोटि के अधिकारियों की सहायता लेता था। निचले स्तर में, प्रशासन का भार संभवतः ग्राम-सभाओं पर रहता था, जिन पर प्रमुख कुलों के प्रधानों का नियंत्रण रहता था। ये सभाएं स्थानीय वाद-विवादों का फैसला भी करती थीं। लेकिन उत्तर वैदिक काल में भी राजा कोई स्थायी सेना नहीं रखता था। युद्ध के समय कबीले के जवानों के दल भरती कर लिए जाते थे, और कर्मकांड के एक अनुष्ठान के अनुसार, युद्ध में विजय पाने की कामना से राजा को एक ही थाली में अपने भाई-बंधुओं (विश्) के साथ खाना पड़ता था।

सामाजिक संगठन उत्तर वैदिक काल का समाज चार वर्णों में विभक्त था- ब्राह्मण, राजन् या क्षत्रिय, वैश्य और शूद्र। यज्ञ का अनुष्ठान अत्यधिक बढ़ गया था, जिससे ब्राह्मणों की शक्ति में अपार वृद्धि हुई। आरंभ में सोलह प्रकार के पुरोहितों में ब्राह्मण केवल एक प्रकार के पुरोहित होते थे किंतु धीरे-धीरे ब्राह्मण अन्य पुरोहित वर्गों को दबाते गए और स्वयं प्रमुख वर्ग बन गए। उनकी यह प्रमुखता विलक्षण बात है जो भारत के बाहर के आर्यों के समाज में नहीं पाई जाती है। लगता है ब्राह्मण वर्ण की स्थापना में आर्येतर तत्त्वों का कुछ हाथ रहा होगा। ब्राह्मण लोग अपने यजमानों के लिए और अपने लिए भी धार्मिक अनुष्ठान और यज्ञ करते थे और कृषि-कार्यों से जुड़े पर्वों या त्योहारों में यजमानों का प्रतिनिधित्व करते थे। वे युद्ध में राजा की जीत के लिए देवाराधना करते थे और इसके बदले में राजा से अभयदान प्राप्त करते थे। कभी-कभी ब्राह्मण अपनी श्रेष्ठता जताने के लिए राजनों से भिड़ जाते थे, जिनमें राजा के नालायक भी होते थे और क्षत्रिय वर्ग के नेता भी। लेकिन निचले दो वर्णों से सामना होने की स्थिति में ऊपर के ये दोनों वर्ग अपनी आपसी झगड़ा भूल जाते। उत्तर वैदिक काल के अंत के इस बात पर बल दिया जाने लगा कि ब्राह्मणों और क्षत्रियों के बीच परस्पर सहयोग रहना चाहिए ताकि समाज के शेष भाग पर उन दोनों का प्रभुत्व बना रहे।

राजाओं के परिजन होते हुए भी वैश्य जनसामान्य की कोटि में रखे गए और उन्हें उत्पादन संबंधी काम सौंपा गया, जैसे कृषि, पशुपालन आदि। उनमें कुछ लोग पंसारी या शिल्पी का काम भी करते थे। वैदिक काल का अंत होते-होते वे व्यापार भी अपनाने लगे। लगता है, उत्तर वैदिक काल में केवल वैश्य ही राजस्व चुकाते थे। ब्राह्मण और क्षत्रिय दोनों वैश्यों से वसूले राजस्व पर ही जीते थे। आम कबायली लोगों को वश में लाकर उन्हें करदाता बनाने की प्रक्रिया लंबे समय तक चलती रही। ऐसे कई अनुष्ठान ज्ञात हैं जो दुर्दम लोगों को (विश् या वैश्यों को) राजा तथा उसके निकट बंधुओं (राजन्यों) के वश में लाने की कामना से किए जाते थे। यह अनुष्ठान उन्हीं पुरोहितों के द्वारा कराया जाता था जो स्वयं प्रजा या वैश्यों को खसोट कर मोटे हुए थे। ऊपर के तीन वर्णों की सामान्य विशेषता यह थी कि वे उपनयन संस्कार के अधिकारी थे अर्थात् वे वैदिक मंत्रों के साथ जनेऊ धारण का अनुष्ठान कर सकते थे। चौथा वर्ण उपनयन-संस्कार का अधिकारी नहीं था, वह गायत्री का उच्चारण नहीं कर सकता था और यहीं से उपनयन का अभाव शूद्र की दासता का द्योतक बन गया।

शूद्रों को गायकों या दासियों का अनुचर या अन्य तीनों वर्णों का अपना प्रभुत्व जमाए खाने की चेष्टा करता रहा। उत्तर वैदिक काल के अंत भाग में लिखे गए ऐतरेय ब्राह्मण नामक वैदिक ग्रंथ में कहा गया है कि ब्राह्मण जीविका मांगने वाला और दान लेने वाला है, लेकिन राजा जब भी चाहे उसे हटा सकता है। वैश्य के बारे में कहा गया है कि वह राजस्व का देनदार है और राजा जब चाहे उसका दमन कर सकता है। सबसे बुरी स्थिति शूद्रों की थी। शूद्र को अन्य वर्णों का सेवक बतलाया गया है। वह दूसरों की इच्छा के अनुसार काम करने वाला है और मार खाने वाला है।

सामान्यतः उत्तर वैदिककालीन ग्रंथों में तीन उच्च वर्णों और शूद्रों के बीच विभाजक रेखा देखने को मिलती है। फिर भी राज्याभिषेक संबंधी ऐसे कई सार्वजनिक अनुष्ठान होते थे जिनमें शूद्र, शायद मूल आर्य जतीय कबीलों के बचे हुए सदस्यों की हैसियत से, भाग लेते थे। शिल्पियों में रथकार आदि जैसे कुछ वर्ग का स्थान ऊँचा था और उन्हें यज्ञोपवीत पहनने का अधिकार प्राप्त था। इस प्रकार दिखाई देता है कि उत्तर वैदिक काल में भी वर्णभेद अधिक प्रखर नहीं हुआ था।

परिवार स्तर पर, हम देखते हैं कि पिता का अधिकार बढ़ता गया। वह अपने पुत्र को उत्तराधिकार से वंचित कर सकता था। राजपरिवार में ज्येष्ठाधिकार का प्रचलन प्रबल होता गया। पूर्व पुरुषों की पूजा होने लगी। स्त्रियों का दर्जा सामान्यतः गिरा यद्यपि कुछ महिलाओं ने शास्त्रार्थों में भाग लिया और कुछ रानियां पति के राज्याभिषेक अनुष्ठानों में साथ रहीं, पर सामान्यतः स्त्रियों को स्थान पुरुषों के नीचे और अधीनस्थ माना जाने लगा।

उत्तर वैदिक काल में गोत्र-प्रथा स्थापित हुई। गोत्र शब्द का मूल अर्थ है गोष्ठ या वह स्थान जहाँ समूचे कुल का गोधन पाला जाता था, परंतु बाद में इसका अर्थ एक ही मूल पुरुष से उत्पन्न लोगों का समुदाय हो गया। फिर गोत्र से बाहर विवाह करने की प्रथा चल पड़ी। तदनुसार एक ही गोत्र या मूल पुरुष वाले लोगों के बीच आपस में विवाह निषिद्ध हो गया।

वैदिक काल में आश्रम अर्थात् जीवन के चार चरण सुप्रतिष्ठित नहीं हुए थे। वैदिकोत्तर काल के ग्रंथों में हमें चार आश्रम स्पष्ट दिखाई देते हैं : ब्रह्मचर्य या छात्रावस्था, गार्हस्थ्य या गृहस्थावस्था, वानप्रस्थ या वनवासावस्था और संन्यास या संसारिक जीवन से विरत होकर रहने की अवस्था। उत्तर वैदिक ग्रंथों में आदि से केवल तीन आश्रमों का उल्लेख है। अन्तिम या चतुर्थ आश्रम उत्तर वैदिक काल में सुप्रतिष्ठित नहीं हुआ था, हालाँकि संन्यास अज्ञात नहीं था। वैदिकोत्तर काल में भी केवल गार्हस्थ्य आश्रम सभी वर्णों में सामान्यतः प्रचलित था।

देवता, अनुष्ठान और दर्शन उत्तर वैदिक काल में उत्तरी दोआब ब्राह्मणों के प्रभाव में आर्य संस्कृति का केन्द्र स्थल बन गया। लगता है सारा उत्तर वैदिक साहित्य कुरु-पांचालों के इसी प्रदेश में विकसित हुआ। यह इस संस्कृति का मूल था और यज्ञ के साथ-साथ अनेकानेक अनुष्ठान और मंत्रविधियां प्रचलित हुईं।

देवताओं में दो सबसे बड़े देवता इंद्र और अग्नि अब उतने प्रमुख नहीं रहे। उनकी जगह उत्तर वैदिक देव-मंडल में सृजन के देवता प्रजापति को सर्वोच्च स्थान मिला। ऋग्वैदिक काल के कुछ अन्य गौण देवता भी प्रमुख हुए। पशुओं के देवता रुद्र ने उत्तर वैदिक काल में महत्ता पाई। विष्णु को वे लोग अपना पालक और रक्षक मानने लगे जो लोग ऋग्वैदिक काल के अपने आदर्श्य खानाबदोश जीवन को छोड़ स्थायी रूप से बस गए थे। इसके अलावा, देवताओं के प्रतीक के रूप में कुछ वस्तुओं की भी पूजा प्रचलित हुई। उत्तर वैदिक काल में मूर्ति-पूजा के आरंभ का कुछ आभास मिलने लगता है। चूँकि समाज ब्राह्मण, राजन्, वैश्य और शूद्र इन चार वर्णों में विभक्त हो गया था, इसलिए कुछ वर्णों के अपने देवता भी हो गए। पूषन्, जो पशुओं की रक्षा करने वाला माना जाता था, शूद्रों का देवता हो गया, हालाँकि ऋग्वेद-युग में पशुपालन सारी आर्य-जाति का मुख्य व्यवसाय था।

देवताओं की आराधना के जो भौतिक उद्देश्य पूर्व में थे वे ही इस काल में भी रहे। लेकिन आराधना की रीति में महान् अंतर आया। स्तुतिपाठ पहले की तरह चलते रहे, लेकिन वे देवताओं को प्रसन्न करने की प्रमुख रीति नहीं रहे; प्रमुख रीति करना कहीं अधिक महत्त्वपूर्ण हो गया और यज्ञ के सार्वजनिक तथा घरेलू दोनों रूप प्रचलित हुए। सार्वजनिक यज्ञ राजा अपनी सारी प्रजा के साथ करता था और प्रजा में अक्सर एक ही कबीले के लोग होते। निजी यज्ञ अलग-अलग व्यक्ति अपने-अपने घर में करते थे, क्योंकि इस काल में वैदिक लोग स्थायी निवासों में रहते थे और उनके नियमित कुटुंब होते थे। घर का प्रत्येक व्यक्ति अग्नि में आहुति देता था और ऐसा प्रत्येक कर्म अनुष्ठान या यज्ञ का रूप धारण कर लेता था। यज्ञ में बड़े पैमाने पर पशुबलि दी जाती थी, जिससे खास तौर से पशुधन का ह्रास होता गया। अतिथि गोघ्न कहलाते थे क्योंकि उन्हें गोमांस खिलाया जाता था।

यज्ञों में कर्म के साथ मंत्र पढ़े जाते थे। यज्ञकर्ताओं को इन मंत्रों का उच्चारण बड़ी सतर्कता से करना होता था। यज्ञ करने वाला यजमान कहलाता था और यज्ञ का फल बहुत कुछ इस पर निर्भर माना जाता था कि यज्ञ में मंत्रों का उच्चारण कितनी शुद्धता से किया गया। वैदिक आर्यों में प्रचलित बहुत से अनुष्ठान हिन्द-यूरोपीय भाषाभाषियों के कर्मकांड से मिलते हैं, लेकिन कुछ हिन्द-भूमि में विकसित प्रतीत होते हैं।

इन सारे मंत्रों और यज्ञों का सृजन, अंगीकरण और विस्तारण पुरोहितों ने किया, जो ब्राह्मण कहलाते थे। ब्राह्मण धार्मिक ज्ञान-विज्ञान पर अपना एकाधिकार समझते थे। उन्होंने बहुत-सारे अनुष्ठानों को बनाया, जिनमें कुछ आर्येतर लोगों से भी लिए। इतने सारे अनुष्ठानों को चलाने और उनको विस्तृत बनाने का क्या कारण रहा होगा यह तो पता नहीं चलता, लेकिन इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है कि इसके पीछे धन-लोलुपता की भावना रही होगी। कहा गया है कि राजसूय यज्ञ कराने वाले पुरोहित को दक्षिणा में 240,000 गायें मिलती थीं।

यज्ञ की दक्षिणा में सामान्यतः गायें और दासियां तो दी ही जाती थीं, साथ-साथ सोना, कपड़ा और घोड़े भी दिए जाते थे। कभी-कभी पुरोहित दक्षिणा में राज्य का कुछ भाग भी मांग लेते थे। किंतु यज्ञ की दक्षिणा में भूमि का दिया जाना उत्तर वैदिक काल में प्रचलित नहीं हुआ था। शतपथ ब्राह्मण में कहा गया है कि अश्वमेध यज्ञ में पुरोहित को उत्तर, दक्षिण, पूरब और पश्चिम चारों दिशाएं दे देनी हैं। यदि वास्तव में ऐसा हो, तो राजा के पास क्या बचा होगा? अतः इसका यही अर्थ लगाया जा सकता है कि पुरोहित जहाँ तक संभव हो अधिक से अधिक भूमि हथपना चाहते थे। परंतु यथार्थ में भूमि अधिक मात्रा में ब्राह्मणों के हाथ नहीं गई होगी। एक जगह इस बात का भी उल्लेख है कि भूमि जब ब्राह्मण को दी जाने लगी तो उसने ब्राह्मण के हाथ जाना अस्वीकार कर दिया।

वैदिक काल के अन्तिम दौर में, पुरोहितों के प्रभुत्व के विरुद्ध तथा यज्ञ और कर्मकांडों के विरुद्ध प्रबल प्रतिक्रिया शुरू हुई। यह प्रतिक्रिया पांचालों और विदेह के राज्य में विशेष कर हुई, जहाँ 600 ई. पू. के आसपास उपनिषदों का संकलन हुआ था। इन दार्शनिक ग्रंथों में कर्मकांड की निंदा की गई और यथार्थ विश्वास एवं ज्ञान को महत्त्व दिया गया। उपनिषदों में कहा गया है कि अपनी आत्मा का ज्ञान प्राप्त करना चाहिए और ब्रह्म के साथ आत्मा का संबंध ठीक से जानना चाहिए। तत्कालीन शक्तिशाली राजाओं की तरह ब्रह्म की परिकल्पना परम सत्ता के रूप में की गई। पांचाल और विदेह के कई क्षत्रिय राजाओं ने भी इस प्रकार के चिंतन को अपनाया और ब्राह्मण धर्म में सुधार लाने के लिए उपयुक्त वातावरण बनाया। उनके उपदेशों से स्थायित्व और अखंडता की भावना को बल मिला। आत्मा अपरिवर्ती, अविनाशी और अमर है इस बात पर बल देने से उस स्थायित्व की भावना को बल मिला जिसकी अत्यधिक आवश्यकता क्षत्रिय शासकों के अधीन उदीयमान राजसत्ता को थी। आत्मा और परमात्मा (ब्रह्म) के बीच सम्बन्ध की भावना से प्रजा में राजा के प्रति भक्ति जगी।

उत्तर वैदिक काल में कई महत्त्वपूर्ण परिवर्तन हुए। उपेणाश्रित राज्यों की शुरुआत हुई। युद्ध केवल पशुओं

(पृष्ठ 97)

उत्तर वैदिक अवस्था : राज्य और वर्ण-व्यवस्था की ओर

या क्षत्रिय राजतंत्र की स्थापना नहीं कर पाए थे। तब तक कोई राज्य कैसे चल सकता है जब तक कोई नियमित कर-प्रणाली न हो, और वेतन भोगी सेना न हो। सेना करों के भरोसे ही रखी जा सकती थी। परंतु खेती के प्रचलित तरीके में पर्याप्त कर और राजस्व उगाहने की गुंजाइश नहीं थी।

अभ्यास

  1. निम्नलिखित पदों और धारणाओं का आशय स्पष्ट करें : अश्वमेध, वाजपेय, संगृहीतृ, विश्, उपनयन, गोत्र, आश्रम, यज्ञ, चित्रित धूसर मृद्भांड (पी.जी.डब्ल्यू.)।

  2. 'उत्तर वैदिक अवस्था' से क्या अभिप्राय है? इस काल के अध्ययन के लिए प्रमुख स्रोत क्या-क्या हैं?

  3. ऋग्वैदिक लोगों की अपेक्षा उत्तर वैदिक लोगों के भौतिक जीवन में क्या अंतर था? उदाहरण दें।

  4. उत्तर वैदिक काल की राजनीतिक पद्धति का वर्णन करें। इसमें ऋग्वैदिक काल की अपेक्षा क्या अंतर आया?

  5. उत्तर वैदिक काल के सामाजिक संगठन का वर्णन करें।

  6. उत्तर वैदिक काल में वैदिकजनों के प्रसार का विवरण प्रस्तुत करें।

  7. उत्तर वैदिक काल में धार्मिक विश्वासों और प्रथाओं में क्या-क्या परिवर्तन हुए? विवेचन करें कि समाज में ब्राह्मणों का महत्त्व क्यों बढ़ा। बताएँ कि उपनिषदों में मुख्यतः किन-किन विचारों को व्यक्त किया गया है।